गय्युर मलिक
बेहट (सहारनपुर)। मिर्जापुर पुलिस और मेरठ एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों की तस्करी और बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध हथियार, 111 जिंदा कारतूस, 12 बोर के 12 कारतूस, तीन मोबाइल फोन, एक वैगनआर कार और 32 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। बरामद नकदी के स्रोत के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार, अवैध हथियारों की तस्करी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसटीएफ मेरठ की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार सुबह करीब छह बजे खारा पावर हाउस के पास कार्रवाई की। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान हसन पुत्र मोहम्मद आरिफ और अहतशाम पुत्र हसन, निवासी मिर्जापुर, के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार डीबीबीएल 12 बोर के हथियार, 101 जिंदा कारतूस, 12 बोर के 12 कारतूस, तीन मोबाइल फोन, एक वैगनआर कार और 32 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस बरामद हथियारों और कारतूसों के साथ नकदी के संबंध में भी जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी कथित तौर पर हथियारों की तस्करी और बिक्री में किस तरह शामिल थे तथा इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।
थाना प्रभारी ने बताया कि इसी मामले में पुलिस पहले भी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस बरामदगी और आरोपियों से संबंधित अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।








