शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना सरसावा की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान दुष्कर्म के मामले में वांछित एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, थाना सरसावा की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम महिला उपनिरीक्षक अन्नू परिहार, उपनिरीक्षक देवकरण शर्मा और उपनिरीक्षक राजीव शर्मा के नेतृत्व में चिलकाना रोड पर ग्राम इब्राहिमी कलरी जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम इब्राहिमी कलरी की ओर से चिलकाना की तरफ आ रहा मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया और तेज गति से चीनी मिल के पास इब्राहिमी अंडरपास की ओर जाने वाले रास्ते पर भागने लगा।
पुलिस टीम ने संदिग्ध का पीछा किया। कुछ दूरी पर कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। पुलिस के नजदीक पहुंचने पर आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान कृष्णाराम पुत्र सुमारू निवासी अलमोरी बस्ती, थाना नया नगर, जिला सिंगरौली के रूप में हुई है। वह वर्तमान में सरसावा में रेलवे स्टेशन के पीछे एक खाली प्लॉट में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .32 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पॉक्सो एक्ट के मामले में भी वांछित चल रहा था। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








