शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सहारनपुर में प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मोनिका पंडित, क्षेत्रीय कार्यालय सचिव रचना जैन और महानगर अध्यक्ष आरती शर्मा के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपों की गंभीरता से पड़ताल कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए तथा पीड़िताओं को न्याय मिलना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल से जुड़े आरोपों पर कांग्रेस नेतृत्व से अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग उठाई। साथ ही राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए उनसे मामले में सार्वजनिक रूप से जवाब देने और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिला उत्पीड़न जैसे गंभीर विषयों पर राजनीतिक दलों को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से प्रकरण पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग दोहराई।
प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष रक्षा नामदेव, वर्षा चोपड़ा, उषा उपाध्याय, सारिका गुप्ता, सारिका वालिया, आशा सभरवाल, अंजू त्यागी, दुर्गा सागर, पूनम यादव, रंजीता सिंह, दीपाली और नेहा राणा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।








