शहरी चौपाल
गंगोह। क्षेत्र में आयोजित रामलीलाओं में अब दर्शकों की भीड़ बढ़ने लगी है। शिव चौक स्थित रामलीला में श्रीराम बारात के बाद राम-सीता विवाह और वरमाला का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि मोहल्ला सराय स्थित रामलीला भवन में राम वनवास की लीला का मंचन हुआ। दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ धार्मिक प्रसंगों का आनंद लिया।
शिव चौक स्थित रामलीला में राम बारात के बाद रंगमंच पर देर रात तक स्वागत कार्यक्रम चला। इस दौरान संगीत की धुनों पर नृत्य प्रस्तुतियां हुईं। इसके बाद रामलीला भवन में भगवान श्रीराम और माता सीता का विवाह वरमाला की रस्म के साथ संपन्न हुआ। विवाह प्रसंग के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में अर्चित गोयल, मनोज गोयल, राकेश सिंघल, अतुल गोयल टिंकू, नवीन पांचाल, आदेश नामदेव, अरविंद सिंह साढ़ड़ा, समर्थ गोयल, वरुण शर्मा, मनीष मित्तल, सुशील मित्तल, नीरज पाहुजा और अमित गैरा सहित अन्य लोग शामिल रहे।
वहीं, मोहल्ला सराय में हिंदू सभा सराय के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में रविवार रात महाराज दशरथ द्वारा रानी कैकेयी को दिए गए वचन के बाद राम वनवास का मंचन किया गया। माता कौशल्या द्वारा भगवान श्रीराम से वन न जाने का आग्रह करने वाले दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया। कलाकारों ने अपने अभिनय से प्रसंग को जीवंत बनाया।
क्षेत्र में रामलीलाओं के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और विभिन्न धार्मिक प्रसंगों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं।








