शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अगले दो दिनों में अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन प्रत्येक दो घंटे में मतदान प्रतिशत, कानून-व्यवस्था की स्थिति और किसी भी असामान्य घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित जोनल मजिस्ट्रेट या निर्वाचन कार्यालय को तत्काल सूचना दी जाए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने रूट चार्ट और कम्युनिकेशन प्लान का गंभीरता से अवलोकन करने के निर्देश भी दिए, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में बताया गया कि 22 अक्टूबर को सभी पोलिंग पार्टियां रेनबो स्कूल से अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की प्रचार सामग्री लगाने तथा अनधिकृत जमावड़े पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।








