शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों के तहत सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज, नेहरू मार्केट के सभागार में मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में विभिन्न विभागों से नामित पीठासीन अधिकारियों और प्रथम मतदान अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान 10 पीठासीन अधिकारी और 7 प्रथम मतदान अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को अनुपस्थित मतदान कर्मियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी कर उनका स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने प्रशिक्षण में मौजूद मतदान कर्मियों से कहा कि वे निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी बिंदुओं को गंभीरता से समझें और अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन के दौरान निष्पक्षता बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित कराना सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।
प्रशिक्षण सत्र में मतदान कर्मियों को निर्वाचन संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं, उनके दायित्वों और निर्धारित दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








