मनोज धनगर
नकुड़ (सहारनपुर)। मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत नकुड़ थाना पुलिस की टीम ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा उनके अधिकारों की जानकारी दी। इस दौरान डिजिटल अरेस्टिंग, साइबर अपराध और झूठी अफवाहों से बचने के उपाय बताते हुए सरकारी योजनाओं के प्रति भी जागरूक किया गया।
थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध और एंटी रोमियो टीम प्रभारी सविता चौधरी के निर्देश पर हेड कांस्टेबल कालूराम कुमार, महिला कांस्टेबल रेखा तथा महिला आरक्षी मनीषा और आकांक्षा गौतम ने केएलजीएम इंटर कॉलेज, महाराणा प्रताप विद्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, जनक बाजार, विश्वकर्मा चौक, बस स्टैंड और मुख्य बाजार में पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण के लिए संचालित सरकारी योजनाओं तथा बच्चों के हित में चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों, सुरक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी परेशानी की स्थिति में उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की समस्याएं भी सुनी गईं तथा जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।
टीम ने महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, एंबुलेंस सेवा 108, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने अपील की कि किसी भी आपात स्थिति या साइबर अपराध से संबंधित परेशानी होने पर संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग करें और अनजान लोगों के बहकावे में न आएं।
थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना और जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है।








