अमित कुमार
छुटमलपुर। प्राथमिक विद्यालय छुटमलपुर नंबर-2 में मिशन शक्ति फेज-6 के पांचवें दिवस पर विद्यार्थियों को भारतीय स्टेट बैंक की फतेहपुर शाखा का भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों ने बैंकिंग व्यवस्था को करीब से समझा और केवाईसी, विड्रॉल फॉर्म, खाता खुलवाने के आवेदन तथा रुपये के लेनदेन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की।
शिक्षक अंजली आर्य ने बताया कि मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित गतिविधियां बालिकाओं के लिए महत्वपूर्ण और उद्देश्यपरक हैं। अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को समानता, आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन कर सकें तथा आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण करें।

भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक उदित सैनी ने बच्चों को बताया कि विद्यालय की यूनिफॉर्म के लिए मिलने वाली धनराशि भी डीबीटी के माध्यम से बैंक खाते में भेजी जाती है। बैंक कर्मचारी प्रमोद सिंह पुंडीर, तान्या नेगी, सौरभ सिंह, अमित कुमार, शिवकुमार, दीपक कुमार और विनीत ने विद्यार्थियों को अपनी-अपनी काउंटर सेवाओं और बैंकिंग कार्यों की जानकारी दी।
बच्चों ने उत्साहपूर्वक बैंक कर्मचारियों से सवाल पूछे, जिनका उन्हें संतोषजनक जवाब मिला। भ्रमण में सहायक अध्यापक मीनाक्षी कंबोज और अर्शी परवीन सहित आरिश, रेहान, जिया, फलक, रिजा, जैनब, अशद, जकिया, हम्माद अहमद और हुमैरा समेत अन्य विद्यार्थी मौजूद रहे।









