शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्री राधा कृष्ण मंदिर क्लब के तत्वावधान में गांधी पार्क में लंका दहन लीला का सफल मंचन किया गया। रामलीला के दौरान अशोक वाटिका में रावण और माता सीता के बीच हुए संवाद ने दर्शकों को प्रभावित किया। वहीं, हनुमान जी द्वारा अशोक वाटिका में फल तोड़कर दर्शकों को देने के दृश्य ने खूब मनोरंजन किया। रावण के दरबार में हनुमान और रावण के बीच हुए संवाद पर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

लीला के दौरान रामकिशन भारती ने अपने हास्य अभिनय से दर्शकों को खूब हंसाया। मंचन में कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। हरविंदर गोसाई और आनंद कुमार के कुशल निर्देशन में कलाकारों ने अपनी भूमिकाओं का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। आदित्य प्रजापति ने हनुमान, आशु सहगल ने रावण, अनमोल खुराना ने अक्षय कुमार, कुणाल ने मेघनाद, विनोद ने त्रिजटा, सलोनी ने सीता और रियाना ने मंदोदरी की भूमिका निभाई।

इस अवसर पर भगवान श्रीराम का अभिनय करने वाले अतुल सचदेवा द्वारा गाए गए भजन ‘वृंदावन बुलाया है’ के पोस्टर का मंच पर क्लब के प्रधान जोगेंद्र कुमार ने उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कलाकारों के अभिनय की सराहना की।
कार्यक्रम में क्लब के प्रधान जोगेंद्र कुमार, राकेश शर्मा, अनिल त्यागी एडवोकेट, सुभाष सचदेवा, विक्रांत सैनी, राजीव ठाकुर, गगन भंडारी, गगन सैनी, विपिन सलूजा और सचिन घई सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन रमेश चंद्र छबीला, राकेश वत्स और विनय वत्स ने किया।









