शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला व्यापार बंधु की बैठक हुई। इसमें उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल पर निर्धारित समयसीमा के बाद भी लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकरण को निर्धारित समयसीमा से अधिक लंबित न रखा जाए। नगर निगम से संबंधित लंबित मामलों को भी शीघ्र निस्तारित करने को कहा गया। ग्राम द्रोणपुरी कॉलोनी (मेघ छप्पर), अंबाला रोड से जुड़े मामले के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को अलग से बैठक कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सीआईएस की ओर से दिल्ली रोड फोरलेन बाईपास तक के क्षेत्र को थाना सदर बाजार के अंतर्गत शामिल करने के संबंध में परिसीमन कर सूचना पुलिस विभाग को भेजने को कहा गया। प्लेज पार्क योजना के तहत विकसित किए जा रहे निजी औद्योगिक पार्क का स्थलीय निरीक्षण कर उसकी अद्यतन प्रगति से अवगत कराने के निर्देश उपायुक्त उद्योग को दिए गए।
जिला व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों ने कारोबार के दौरान आने वाली समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने नगर निगम, विद्युत विभाग गंगोह और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के पिछले दो माह के कार्यों की समीक्षा के लिए कमेटी गठित करने और लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा, उपायुक्त उद्योग अजय कुमार त्रिपाठी, उपायुक्त प्रशासन राज्य कर अरुणेश कुमार यादव, आईआईए से अनूप खन्ना, हॉजरी एसोसिएशन से मनजीत अरोड़ा, लघु उद्योग भारती से अजय शर्मा सहित अन्य अधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।








