शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह। दशहरा पर्व को लेकर नगर और क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। विभिन्न स्थानों पर रावण के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गीता ज्ञान संस्कार एकेडमी में स्कूल कर्मचारियों ने 25 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया है। पुतले को बनाने में कर्मचारियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और मेहनत का प्रदर्शन किया।
स्कूल कर्मचारी मांगेराम उर्फ आशु और सुमित कुमार ने बांस, गत्ते और अन्य सामग्री की मदद से रावण का पुतला तैयार किया है। इसे आकर्षक रूप देने के लिए लाल और काले कपड़े से सजाया गया है। दोनों कर्मचारियों के अनुसार, पुतले को तैयार करने में करीब एक सप्ताह का समय लगा। शुक्रवार को इसे अंतिम रूप दिया गया।

स्कूल के उपप्रधानाचार्य दीपक सैनी ने बताया कि शनिवार को स्कूल परिसर में सुबह रामलीला का मंचन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर में आतिशबाजी के साथ रावण दहन होगा। कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थी और समस्त स्टाफ शामिल होंगे।
दशहरा पर्व को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। जगह-जगह रावण के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। रावण दहन के माध्यम से लोगों को अहंकार, अन्याय और बुराई का त्याग कर सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया जाएगा।









