शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। गांधी पार्क में श्री राधा कृष्ण मंदिर क्लब के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में रावण-अंगद संवाद का शानदार मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। रावण के दरबार में अंगद द्वारा पैर जमाने और उसे उठाने की चुनौती के दृश्य पर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
रामलीला में दिखाया गया कि प्रभु श्रीराम वानर सेना के साथ समुद्र तट पर पहुंचकर भगवान शंकर की पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बाद विभीषण की शरणागति और प्रभु श्रीराम द्वारा उन्हें लंका का राजा घोषित करने के प्रसंग का मनोहारी मंचन हुआ। इन दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
लीला के दौरान रावण के दरबार में अंगद के पहुंचने और उसे प्रभु श्रीराम की शरण में आने की सलाह देने का प्रसंग विशेष आकर्षण रहा। रावण के दरबार में मौजूद मंत्रियों द्वारा अंगद का पैर उठाने के प्रयास का दृश्य देखकर दर्शकों ने तालियां बजाईं। कलाकारों ने संवाद और अभिनय के माध्यम से अहंकार के दुष्परिणाम तथा धर्म और सत्य की महत्ता का संदेश दिया।
हरविंदर गोसाई और आनंद कुमार के कुशल निर्देशन में अतुल सचदेव ने प्रभु श्रीराम, हर्ष ठाकुर ने लक्ष्मण, आदित्य प्रजापति ने हनुमान, आशु सहगल ने रावण, कमल ने अंगद, अक्षय ने सुग्रीव, आदित्य शर्मा ने विभीषण, देवांश ने नागा और कुणाल वत्स ने मेघनाथ की भूमिका निभाई। सभी कलाकारों ने अपने अभिनय से रामलीला को प्रभावशाली बनाया।
इस अवसर पर नगर विधायक राजीव गुंबर, पार्षद राजेंद्र सिंह कोहली, क्लब के प्रधान जोगेंद्र कुमार, राकेश शर्मा, दशहरा प्रधान संजय कपिल, विकास शर्मा, विक्रांत सैनी, गगन सैनी, नवदीप, सचिन घई, राजीव ठाकुर और लखजीत सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन रमेश चंद्र छबीला, राकेश वत्स और विनय वत्स ने किया।








