Saharanpur News: एक ही गोलचक्कर पर तीन बार मौत का कहर, तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत; छह घायल

नागल के लाखनौर गोलचक्कर के पास दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर रविवार को तीन अलग-अलग हादसों में आगरा के तीन युवकों की मौत हो गई। दंपति समेत छह लोग घायल हुए। पुलिस जांच में जुटी है।

रिपोर्ट , राजकुमार शर्मा नागल

नागल (सहारनपुर)। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर रविवार को गांव लाखनौर के निकट गोलचक्कर पर एक ही स्थान पर तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दंपति समेत छह लोग घायल हो गए। तीनों हादसों में कारें अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गईं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पहला हादसा रविवार सुबह करीब चार बजे हुआ। आगरा निवासी राहुल (28), सक्षम (26) और साहिल (28) अपने साथी हेमंत वर्मा और सचिन वर्मा के साथ थार कार से देहरादून जा रहे थे। लाखनौर के निकट गोलचक्कर पर पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि राहुल, सक्षम और साहिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेमंत वर्मा और सचिन वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।

आधे घंटे बाद दूसरी कार भी डिवाइडर से टकराई

दूसरा हादसा सुबह करीब साढ़े चार बजे उसी स्थान पर हुआ। राजस्थान के भिवाड़ी निवासी रणवीर यादव और दीपक कुमार ब्रेजा कार से देहरादून जा रहे थे। गोलचक्कर के पास उनकी कार भी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों घायल हो गए।

सुबह साढ़े नौ बजे तीसरा हादसा

तीसरी घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई। नोएडा निवासी अंकुर रस्तोगी अपनी पत्नी के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से देहरादून जा रहे थे। उसी स्थान पर उनकी कार भी डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दोनों पति-पत्नी घायल हो गए।

थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम यादव ने बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में किसी भी पीड़ित की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य