शहरी चौपाल की खबर का असर: रातोंरात काट डाले 80 सागौन के पेड़, वन विभाग की जांच के बाद तीन पर FIR

सहारनपुर के तिवड़ा जुनारदार में बिना अनुमति 80 सागौन के पेड़ काटने के मामले में खेत मालिक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। शहरी चौपाल ने मामला प्रमुखता से उठाया था।

गय्यूर मलिक 

बेहट (सहारनपुर)। तिवड़ा जुनारदार गांव में रात के अंधेरे में 80 सागौन के पेड़ काटे जाने के मामले में वन विभाग की कार्रवाई के बाद खेत मालिक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बिना अनुमति पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने जांच की और कटे पेड़ों के ठूंठ मिलने पर कार्रवाई के लिए तहरीर दी। शहरी चौपाल ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। अब मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वन विभाग की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक, 12 अक्तूबर को तिवड़ा जुनारदार गांव में सागौन के पेड़ काटे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद 17 अक्तूबर को मुखबिर से सूचना मिलने पर डिप्टी रेंजर विशाल चौधरी अपने हमराह संजय कुमार माली के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान वहां करीब 30 से 50 सेंटीमीटर मोटाई वाले सागौन के 80 ठूंठ मिले। बताया गया कि कटाई के बाद लकड़ी मौके से हटाई जा चुकी थी।

डिप्टी रेंजर ने खेत मालिक विश्वास त्यागी निवासी तिवड़ा जुनारदार से पूछताछ की। वन विभाग की तहरीर के अनुसार, पेड़ों की कटाई ठेकेदार पंकज शर्मा निवासी रणढोल और ठेकेदार उस्मान निवासी चिम्माबांस ने कराई थी।

मामले में डिप्टी रेंजर विशाल चौधरी की तहरीर पर खेत मालिक विश्वास त्यागी, ठेकेदार पंकज शर्मा और ठेकेदार उस्मान के खिलाफ उत्तर प्रदेश ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों में वृक्षों का संरक्षण अधिनियम, 1976 की धारा 4 व 10 तथा अभिवहन नियमावली, 1978 की धारा 3 व 28 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने 18 अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य