नानौता में एक साथ जले रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा मैदान

सहारनपुर के नानौता में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। किसान सेवक इंटर कॉलेज के मैदान में राम-रावण युद्ध के बाद रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले एक साथ जलाए गए। सुरक्षा के लिए पुलिस मुस्तैद रही।

फैय्याज अली आब्दी 

नानौता (सहारनपुर)। नगर में दशहरा पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। किसान सेवक इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर आयोजित दशहरा मेले में नगर और आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पहुंचे। लोगों ने मेले में घूमकर खरीदारी की और मनोरंजन के विभिन्न साधनों का आनंद लिया। देर शाम भगवान श्रीराम द्वारा रावण का वध किए जाने के बाद रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का एक साथ दहन किया गया। इस दौरान पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

दशहरा पर्व के अवसर पर नगर के मुख्य बाजार स्थित रामलीला चौक से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की झांकी बैंड-बाजों के साथ रवाना हुई। रथ पर सवार होकर तीनों किसान सेवक इंटर कॉलेज के खेल मैदान पहुंचे। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा के पुत्र साहिल राणा, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मुकेश पराशर और भाजपा नेता रोबिन जैन ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

इसके बाद रामलीला मंचन के तहत भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का दृश्य प्रस्तुत किया गया। भगवान श्रीराम और लक्ष्मण ने रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण पर तीर चलाए। अंत में भगवान श्रीराम का तीर रावण के पेट में लगा, जिसके बाद रावण का वध हो गया। इसके साथ ही रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों को आग के हवाले कर दिया गया। तीनों पुतले एक साथ धू-धू कर जल उठे। पुतला दहन का दृश्य देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पुतले जलते ही मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा और लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व उत्साह के साथ मनाया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस रही मुस्तैद

दशहरा मेले और पुतला दहन के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। थाना अध्यक्ष विकास चारण के नेतृत्व में पुलिसकर्मी गंगोह रोड, मित्तरगढ़ रोड और किसान सेवक इंटर कॉलेज के खेल मैदान सहित प्रमुख स्थानों पर मुस्तैद रहे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बनाए रखी। मेले में हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे और पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

 

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य