बेहट में धूमधाम से मना विजयदशमी पर्व, रावण दहन के बाद निकली भव्य शोभायात्रा

सहारनपुर के बेहट में विजयदशमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। पूर्व विधायक नरेश सैनी ने भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। रावण दहन के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

गय्यूर मलिक,

बेहट। कस्बे में विजयदशमी का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। मोहल्ला महाजनान स्थित प्राचीन शिव मंदिर में श्री रामलीला उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में अहंकारी रावण के पुतले का दहन किया गया। इसके बाद बैंड-बाजों और आकर्षक धार्मिक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कार्यक्रम में हिंदू-मुस्लिम एकता की झलक भी देखने को मिली।

मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक नरेश सैनी ने कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा, सत्य और आदर्शों के प्रतीक हैं। हम सभी को उनके बताए मार्ग पर चलकर लोगों की सेवा करनी चाहिए। भगवान श्रीराम ने सदैव सत्य का साथ दिया और समाज को बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा दी। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर ही समाज में सद्भाव और सकारात्मकता कायम की जा सकती है।

पूर्व विधायक ने कहा कि बेहट में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में सभी समुदायों के लोग मिल-जुलकर भाग लेते हैं और आयोजन को सफल बनाते हैं। यह आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले लोगों की सराहना की।

इस अवसर पर भाजपा युवा नेता संजीव कर्णवाल उर्फ बॉबी ने अतिथियों का फूलमालाओं से स्वागत किया। रामलीला कमेटी की ओर से कलाकारों और समिति के पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के बाद भगवान श्रीराम के प्रतीकात्मक बाण से रावण के पुतले का दहन किया गया।

इसके पश्चात विजयदशमी की शोभायात्रा शुरू हुई। सुंदर धार्मिक झांकियों और बैंड-बाजों से सुसज्जित शोभायात्रा मोहल्ला महाजनान से शुरू होकर मुख्य बाजार, गांधी चौक और मुख्य मार्ग खालसा से होते हुए वापस प्राचीन शिव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। भगवान श्रीराम के जयकारों से कस्बे का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। पुलिस क्षेत्राधिकारी शशि कुमार शर्मा और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश कुमार चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने शोभायात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखी।

इस अवसर पर प्रियंवदा राणा, अजय कुमार जैन उर्फ पप्पू, अभय राणा, प्रदीप गुप्ता, आशू गर्ग, पीरू मियां, अखिलेश बंसल, रजत त्यागी, मनोज कर्णवाल, बृजेश जैन, छवि चौहान, मोहम्मद अहमद काजमी, चेयरमैन अब्दुल रहमान, बेहट गन्ना समिति के चेयरमैन मुल्कीराज सैनी, अनिल सिंघल, अवनीश अग्रवाल, वशिष्ठ गुप्ता, सुधीर कर्णवाल, मिर्जा फजलुर्रहमान, सत्य प्रकाश रोहिला, अब्दुल मलिक मिर्जा, आरिफ मंसूर, फैसल जमील, अमित गुप्ता, सचिन, उमेश राजदेव, दीपक सिंघल, टीपू सिंघल, अंशुल, हंसराज गौतम, सत्येंद्र सिंह, राकेश गाबा, मोहित जैन, शिफाउल मलिक और बबलू एडवोकेट सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य