फैय्याज अली आब्दी
नानौता (सहारनपुर)। हापुड़ में दैनिक जनवाणी के पत्रकार नसीम अहमद की हत्या के विरोध में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की नानौता इकाई ने प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। जिला अध्यक्ष आलोक तनेजा के निर्देशन में जिला उपाध्यक्ष सरदार अरविन्दर सिंह काका के नेतृत्व में पत्रकार नारेबाजी करते हुए नानौता थाने पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन थानाध्यक्ष विकास चारण को सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

पत्रकारों ने ज्ञापन के माध्यम से तीन प्रमुख मांगें उठाईं। इनमें हत्या के आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई करने, मृतक पत्रकार के परिजनों को एक करोड़ रुपये का सरकारी मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की मांग शामिल रही।
जिला उपाध्यक्ष सरदार अरविन्दर सिंह काका ने कहा कि पत्रकार नसीम अहमद की हत्या की घटना ने प्रदेशभर के पत्रकारों को झकझोर दिया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की। तहसील महामंत्री फैय्याज अली आब्दी ने पीड़ित परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग को उचित बताते हुए परिवार को न्याय दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ब्लॉक अध्यक्ष दिलशाद राणा ने पत्रकारों के उत्पीड़न और उनकी हत्याओं की घटनाओं पर चिंता जताते हुए सरकार से पत्रकार सुरक्षा कानून जल्द लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

प्रदर्शन में ब्लॉक महासचिव सतीश रुहेला, उपाध्यक्ष अनिल राणा, शाह अब्बास जैदी, कोषाध्यक्ष भरत अग्रवाल, सचिव सुमित टपरानियां, डॉ. मनोज तौमर, महफूज अली, मुख्तार हसन और सुशील कुमार सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे। पत्रकारों ने एकजुट होकर घटना की निंदा की और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।








