Saharanpur News: सहारनपुर में 34 केंद्रों पर होगी PET-2026 परीक्षा, 87,984 अभ्यर्थी होंगे शामिल

सहारनपुर में PET-2026 परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को 34 केंद्रों पर होगी। छह पालियों में 87,984 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित होगी। इसके लिए जनपद में 34 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 87,984 अभ्यर्थी छह पालियों में परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 14,664 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी की अध्यक्षता में परीक्षा तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र पर्यवेक्षकों और संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। नकल करने या परीक्षा व्यवस्था बाधित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए रोडवेज, रेलवे, एआरटीओ, एसपी यातायात और सिटी मजिस्ट्रेट को विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए। रोडवेज को अतिरिक्त बसें चलाने तथा रेलवे और परिवहन विभाग को समय से तैयारियां पूरी करने को कहा गया। होटल संचालकों, टेंपो और ई-रिक्शा चालकों द्वारा अभ्यर्थियों से निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा और उनके बैग आदि रखने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

ये होंगे परीक्षा केंद्र

जनपद में एएचपी इंटर कॉलेज छुटमलपुर, आर्य कन्या इंटर कॉलेज मटिया महल खालापार, आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल जनता रोड, बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज बेहट रोड, बीएचएस इंटर कॉलेज मिशन कंपाउंड, डीएवी पब्लिक स्कूल रसूलपुर बेहट रोड, दयाचंद जैन इंटर कॉलेज सरसावा, गौरी शंकर इंद्रपाल सिंह इंटर कॉलेज हसनपुर, गोचर कृषि इंटर कॉलेज रामपुर मनिहारान, गोचर महाविद्यालय रामपुर मनिहारान, राजकीय इंटर कॉलेज कैलाशपुर, राजकीय इंटर कॉलेज कमेला रोड, राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट, गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज गांधी पार्क, गुरु नानक इंटर कॉलेज अंबाला रोड, एचएवी इंटर कॉलेज मातागढ़, इंडस्ट्रियल मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज आतिशबाजान, इस्लामिया इंटर कॉलेज ईदगाह रोड, जेबीएस हिंदू कन्या इंटर कॉलेज रायवाला, जेवी जैन कॉलेज प्रद्युम्न नगर, जेवी जैन इंटर कॉलेज मातागढ़-कलसिया रोड, जगदीश प्रसाद आदर्श विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मड़की रोड, जनता इंटर कॉलेज अहमदपुर ब्राह्मण, जनता इंटर कॉलेज स्टेशन रोड नागल, केसीसीपी आर्य कन्या इंटर कॉलेज गिल कॉलोनी, खालसा पब्लिक स्कूल सड़क दूधली, किसान विद्या मंदिर इंटर कॉलेज दाउदपुरा, महाराज सिंह कॉलेज चकराता रोड, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लिंक रोड, रमाबाई राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज कोटा, एसबीबीए इंटर कॉलेज धोबी घाट, श्री दिगंबर जैन कन्या इंटर कॉलेज छाता बारूमल, सियाराम इंटर कॉलेज गागलहेड़ी और सेंट मैरी स्कूल चिलकाना रोड हलालपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, एंड्रॉयड फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र पर आयोग की ओर से दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। कक्ष निरीक्षकों की ब्रीफिंग और प्रशिक्षण कराने के साथ मजिस्ट्रेटों को लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र पर्यवेक्षक और संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य