Saharanpur News: नानौता में पिकअप की टक्कर से 60 वर्षीय महिला की मौत

सहारनपुर के नानौता में देवबंद रोड पर घर के बाहर टहलकर लौट रही 60 वर्षीय शगुफ्ता सिद्दीकी को अज्ञात पिकअप ने टक्कर मार दी। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इनकार किया।

फैय्याज अली आब्दी

नानौता (सहारनपुर)। नगर के देवबंद रोड पर बुधवार शाम सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घर के बाहर टहलकर लौट रही महिला को पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, देवबंद रोड निवासी टाइल्स-पत्थर व्यापारी मतीन सिद्दीकी की पत्नी शगुफ्ता सिद्दीकी (करीब 60 वर्ष) बुधवार शाम अपनी पुत्रवधू के साथ घर के बाहर टहलने निकली थीं। घर लौटते समय पीछे से आए पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क किनारे दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महिला की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद शव घर ले जाया गया। गुरुवार सुबह इस्लामिक रीति-रिवाज के अनुसार पैतृक कब्रिस्तान में महिला को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। जनाजे में नगर और आसपास के क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए।

थाना अध्यक्ष विकास चारण ने बताया कि बुधवार रात करीब नौ बजे सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि यदि मृतका के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त होती है तो उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य