शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए गुरुवार को रेनबो स्कूल से पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं। जिला मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार चौहान की उपस्थिति में अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी ने पोलिंग पार्टियों को रवाना किया। जनपद में शुक्रवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
जिला प्रशासन ने चुनाव को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद के 19 मतदान केंद्रों पर कुल 95 मतदेय स्थलों पर मतदान कराया जाएगा। इनमें शिक्षक निर्वाचन के लिए 15 मतदेय स्थलों पर 4,776 मतदाता और स्नातक निर्वाचन के लिए 80 मतदेय स्थलों पर 24,148 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा माइक्रो ऑब्जर्वर, सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। मतदान के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। मतदान संपन्न होने के बाद सील मतपेटिकाओं को निर्धारित स्ट्रांग रूम में जमा कराया जाएगा।

जिला प्रशासन ने मतदान कर्मियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक दो घंटे के अंतराल पर मतदान प्रतिशत, कानून-व्यवस्था की स्थिति और किसी भी असामान्य घटना की सूचना कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए। किसी भी समस्या या अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल जोनल मजिस्ट्रेट अथवा निर्वाचन कार्यालय को देने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, एसपी यातायात शैलेन्द्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित सभी उपजिलाधिकारी उपस्थित रहे।








