शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। महानगर के प्रमुख चर्च सेक्रेड हार्ट चर्च में मिशन रविवार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं और मेले का आयोजन किया गया, जिसमें ईसाई समाज के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने विभिन्न स्टॉलों पर आयोजित खेलों में हिस्सा लेने के साथ मेले का आनंद भी उठाया।
कार्यक्रम के दौरान फादर जॉन चिमन ने प्रार्थना सभा में मिशन रविवार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मिशन रविवार हर साल मनाया जाता है। इस अवसर पर एकत्र होने वाला चंदा और गुप्त दान चर्च में शिक्षा ग्रहण करने वाले गरीब बच्चों की पढ़ाई पर खर्च किया जाता है। उन्होंने बताया कि मिशन रविवार पूरे विश्व में मनाया जाता है, लेकिन इस बार चर्च के युवा सदस्यों के बाहर होने के कारण इसे एक सप्ताह बाद आयोजित किया गया।
मेले में बच्चों ने खाने-पीने और खेलकूद से संबंधित छोटे-छोटे स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों से एकत्र होने वाली धनराशि समाज की प्रगति से जुड़े कार्यों में खर्च की जाएगी। फादर प्रभाकरण ने भी स्टॉलों पर आयोजित खेलों का आनंद लिया, जबकि फादर जॉन चिमन ने कॉफी पीकर दान दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मास्टर अजय, अनु, ईवा, एडविना, जोसेफ, शालिनी, निशा, विशाल, माइकल सोलोमन, बेकन बेकन और अनुष्का विक्टर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








