Saharanpur News : नकुड़ में दिनदहाड़े फायरिंग! युवक को मारी गोली, सहारनपुर रेफर

सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र के रनदेवी गांव में घेर में बैठे संदीप को बाइक सवार हमलावरों ने गोली मार दी। घायल को सहारनपुर रेफर किया गया। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच में जुटी है।

मनोज धनगर 

नकुड़ (सहारनपुर)। थाना नकुड़ क्षेत्र के गांव रनदेवी में रविवार रात घेर में बैठे एक युवक को बाइक सवार हथियारबंद युवकों ने गोली मार दी। गोली युवक की बाजू में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सहारनपुर रेफर कर दिया।

गांव रनदेवी निवासी गौरव ने बताया कि रविवार रात करीब सात बजे उसका भाई संदीप गांव में पारस के घेर में कुछ लोगों के साथ बैठा था। इसी दौरान बाइक सवार कई युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों के पास हथियार थे। उन्होंने संदीप की बाजू में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण घायल संदीप को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी।

अस्पताल पहुंचे विधायक प्रतिनिधि मनीष रनदेवी ने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि वह आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर देंगे। देर रात घायल के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कुछ नामजद और कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। घायल संदीप का सहारनपुर में उपचार चल रहा है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य