शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह (सहारनपुर)। ऑनलाइन शॉपिंग का रिफंड दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक डॉक्टर के बैंक खाते से 99 हजार रुपये निकाल लिए। डॉक्टर की पत्नी ने ऑनलाइन साइट से सामान मंगाया था और रिफंड के लिए शिकायत की थी। इसी के बाद फोन करने वाले व्यक्ति ने रकम वापस दिलाने का भरोसा दिया। सोमवार सुबह बैंक से संदेश मिलने पर डॉक्टर को खाते से रुपये निकलने की जानकारी हुई। पीड़ित ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, डॉ. राकेश कुमार सिंघल की पत्नी ने एक ऑनलाइन साइट से सामान मंगाया था। सामान के रिफंड के लिए शिकायत करने के बाद रविवार शाम उनके पास एक फोन आया। कॉल करने वाले ने रिफंड से जुड़ा होने की बात कही और एक हजार रुपये वापस भेजने का झांसा दिया।
आरोप है कि फोन करने वाले ने व्हाट्सऐप पर फोनपे ऐप का क्यूआर कोड दिखाने को कहा। डॉ. सिंघल के क्यूआर कोड दिखाने पर उसने इंटरनेट की गति कम होने की बात कही और प्रक्रिया दोबारा करने को कहा। इस तरह चार बार क्यूआर कोड दिखाया गया। इसी दौरान उनके बैंक खाते से अलग-अलग बार में रकम निकल गई। खाते से 30 हजार और 20 हजार रुपये सहित कुल 99 हजार रुपये निकाले गए।
सोमवार सुबह बैंक से आए संदेशों के बाद डॉक्टर को ठगी का पता चला। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने साइबर ठगी से बचने की अपील की
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी या अन्य संवेदनशील विवरण साझा न करें। रिफंड के नाम पर आने वाली कॉल और क्यूआर कोड से जुड़े निर्देशों पर विशेष सावधानी बरतें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर भुगतान संबंधी प्रक्रिया करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।








