शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। विदेश भेजने, उमराह कराने और सऊदी अरब में होटल के कारोबार में मुनाफे का लालच देकर कथित तौर पर धोखाधड़ी करने के तीन मुकदमों में वांछित आरोपी को थाना मंडी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से पकड़ा। उसके कब्जे से एक पासपोर्ट, एक आईफोन, 12 एटीएम कार्ड, दो निर्वाचन कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिफजुर्रहमान पुत्र मौहम्मद यूसुफ निवासी सईद कॉलोनी, पुराना कलसिया रोड, थाना मंडी, सहारनपुर के रूप में हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 26 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहला मुकदमा उस्मान निवासी खाताखेड़ी की शिकायत पर दर्ज किया गया था। आरोप है कि फर्जी और कूटरचित रसीदों व अनुबंध पत्रों के जरिए उनसे 1 करोड़ 95 लाख 400 रुपये लिए गए और मांगने पर वापस नहीं किए गए।
दूसरा मुकदमा अब्दुल अलीम निवासी लिंक रोड की शिकायत पर दर्ज हुआ। आरोप है कि उमराह पर भेजने के नाम पर उनसे 1 लाख 80 हजार रुपये लेकर वापस नहीं किए गए और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।

तीसरे मामले में काशिफ सिद्दीकी निवासी मदनपुरी कॉलोनी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि सऊदी अरब में होटल किराये या लीज पर लेकर मुनाफा दिलाने का लालच देकर उनसे 10 लाख रुपये लिए गए और वापस नहीं किए गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।








