शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में अब तक 86 प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी कर ली गई है। शेष 14 प्रतिशत किसानों की रजिस्ट्री पूरी कराने के लिए प्रशासन ने प्रयास तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में विकास भवन में आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में तहसीलों से समन्वय स्थापित करने, पंचायत सहायकों का सहयोग लेने और जन सेवा केंद्रों के माध्यम से किसानों का डाटा अपडेट कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में उप कृषि निदेशक संदीप पाल सहित खाद्य वितरण, नाबार्ड, सहकारिता, उद्यान, सिंचाई, बैंकिंग और पंचायती राज विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्य विकास अधिकारी को फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति से अवगत कराया। सीडीओ ने निर्देश दिए कि जिन किसानों की रजिस्ट्री अभी पूरी नहीं हुई है, उनकी पहचान कर पंजीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाए। जिन किसानों का डाटा फार्मर रजिस्ट्री में अपडेट नहीं है, वे जन सेवा केंद्रों के माध्यम से अथवा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार स्वयं अपना विवरण अपडेट करा सकते हैं।
बैठक में फार्मर रजिस्ट्री के विभिन्न विभागों में भविष्य में होने वाले उपयोग पर भी चर्चा की गई। जिला खाद्य वितरण अधिकारी ने कृषि उपज की खरीद के दौरान सामने आने वाली समस्याओं से अवगत कराया। इस पर सीडीओ ने संबंधित विभागों को समस्याओं और डाटा के भविष्य में उपयोग से जुड़े प्रस्ताव उप कृषि निदेशक को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डीडीएम नाबार्ड ने बताया कि पोर्टल पर उपलब्ध फार्मर रजिस्ट्री का डाटा अभी पूरी तरह स्थिर नहीं है और उसमें अपडेट की आवश्यकता है। इस पर निर्णय लिया गया कि जिन विभागों को डाटा के उपयोग में कोई समस्या आ रही है, वे समय रहते अपनी समस्याएं और सुझाव उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित प्रस्ताव मुख्यालय को भेजे जा सकें।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों से सुझाव लेकर उन्हें पोर्टल पर अपलोड कराने के लिए उप कृषि निदेशक को निर्देशित किया। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री को अधिक उपयोगी और व्यवस्थित बनाने तथा किसानों का डाटा अद्यतन करने पर जोर दिया गया।








