Saharanpur News: नगर निगम के करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने लिया भाग, लकी ड्रॉ के विजेता सम्मानित

सहारनपुर नगर निगम ने नेहरू मार्केट तिराहे पर करवा चौथ उत्सव आयोजित किया। रीटा सिंह और स्नेह लता गुंबर ने शुभारंभ किया। मेहंदी लगवाने वाली महिलाओं के लिए लकी ड्रॉ हुआ और विजेताओं को उपहार दिए गए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। नगर निगम की ओर से करवा चौथ पर्व के उपलक्ष्य में नेहरू मार्केट तिराहे पर करवा चौथ उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह की पत्नी रीटा सिंह और नगर विधायक राजीव गुंबर की पत्नी स्नेह लता गुंबर ने रिबन काटकर किया। उत्सव में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान करवा चौथ के महत्व पर प्रकाश डालने के साथ मेहंदी लगवाने वाली महिलाओं के लिए आयोजित लकी ड्रॉ के विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रीटा सिंह ने कहा कि करवा चौथ केवल व्रत और उपवास का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रेम, विश्वास, समर्पण और दांपत्य जीवन की मधुर भावनाओं का उत्सव है। यह पर्व पति-पत्नी के रिश्ते में आपसी विश्वास और प्रेम को मजबूत करने का संदेश देता है।

स्नेह लता गुंबर ने कहा कि करवा चौथ महिलाओं के सौभाग्य, प्रेम और समर्पण का प्रतीक है। वहीं, पार्षद ज्योति अग्रवाल ने कहा कि यह पर्व दांपत्य जीवन में प्रेम, सुख, शांति और समृद्धि की कामना लेकर आता है।

नगर निगम की कर निर्धारण अधिकारी एवं कार्यक्रम संयोजक श्रुति महेश्वरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पति-पत्नी का रिश्ता केवल सात फेरों का बंधन नहीं, बल्कि सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ निभाने का जीवनभर का संकल्प है। कार्यक्रम में रेखा गक्खड़, शिल्पा कोहली, काजल खुराना, क्षेत्रीय पार्षद मुकेश गक्खड़ और नेहरू मार्केट व्यापार मंडल के संयोजक अनिल गुप्ता ने भी विचार रखे।

उत्सव के दौरान मेहंदी लगवाने वाली महिलाओं के लिए आयोजित लकी ड्रॉ आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें रजनी, सुमन भंडारी, अंशिका, सोनिका, अनिता, चारु चावला, ईशा, सलोनी, मानसी, रुबी, प्रिया, श्रुति, कामनी, अंजू गोयल, कीर्ति, सुषमा अरोड़ा, कमलजीत, नीरज और अनुभा विजेता रहीं। मुख्य अतिथि रीटा सिंह, स्नेह लता गुंबर, रेखा गक्खड़ और पार्षद ज्योति अग्रवाल ने लकी ड्रॉ निकालकर विजेताओं को नगर निगम की ओर से उपहार देकर पुरस्कृत किया।

मेहंदी लगाने वाली महिलाओं और युवतियों को भी नगर निगम की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीरेंद्र आजम ने किया। इस अवसर पर कर अधीक्षक सुधीर शर्मा और प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एचबी गुरुंग सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य