फैय्याज अली आब्दी
नानौता। नगर के संजय चौक स्थित देवबंद रोड पर बृहस्पतिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भूसे से भरी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे स्थित पूर्व सभासद सन्नी राणा के मकान में जा घुसी। हादसे के दौरान सन्नी राणा अपने घर में प्रवेश कर रहे थे। गनीमत रही कि वह ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। वहीं, सड़क पार कर रहे कई राहगीरों की जान भी बच गई। हादसे में मकान के गेट और नाले के स्लैब को नुकसान पहुंचा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से उतरकर करीब दो फुट ऊंचे चबूतरे पर चढ़ गई। इसके बाद ट्रॉली नाले का स्लैब तोड़ते हुए पूर्व सभासद के मकान के गेट से जा टकराई और अंदर घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
बताया गया कि हादसे के समय सन्नी राणा बुलेट बाइक लेकर घर पहुंचे थे और मकान में प्रवेश कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर उनके मकान में जा घुसी। यदि वह इसकी चपेट में आ जाते तो गंभीर हादसा हो सकता था। सड़क से गुजर रहे और उसे पार कर रहे अन्य लोग भी इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
बिना नंबर प्लेट का ट्रैक्टर, चालक फरार
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। समाचार लिखे जाने तक थाना पुलिस के मौके पर पहुंचने की पुष्टि नहीं हो सकी थी।
बड़ा नुकसान होने से बचा
इस घटना ने देवबंद रोड पर वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही से होने वाले खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है। गनीमत रही कि ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया और किसी की जान नहीं गई। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी और चर्चा का माहौल बना रहा।








