शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें नमन करते हुए उनके आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने सरदार पटेल के देश की एकता और अखंडता में योगदान को याद किया।
अंबाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। जिला अध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने कहा कि सरदार पटेल महान व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने देश की रियासतों को एकजुट कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का काम किया और समाज को आपसी भाईचारे का संदेश दिया। देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने राष्ट्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पूर्व मंत्री विनोद तेजियान ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्श और सिद्धांतों का अनुसरण कर समाज और देश की एकता को मजबूत किया जा सकता है।
प्रदेश सचिव माजिहर राणा ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने एमएलसी चुनाव में पार्टी को मिली सफलता पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह 2027 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल था, जिसे पार्टी ने जीत लिया है। अब सभी को फाइनल जीतने की तैयारी करनी है।








