शहरी चौपाल ब्यूरो
देवबंद। बजरंग दल नेता विकास त्यागी ने आरोप लगाया है कि सहारनपुर जिले का एक प्रभावशाली व्यक्ति उनकी सरकारी सुरक्षा हटवाने के लिए लखनऊ में अधिकारियों को गलत फीडबैक दे रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें सरकारी सुरक्षा की कोई लालसा नहीं है और शासन-प्रशासन जब चाहे इसे वापस ले सकता है।
विकास त्यागी के मुताबिक, सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद से जुड़े विवाद को उन्होंने प्रमुखता से उठाया था। इसके अलावा पहले उठाए गए संवेदनशील मुद्दों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों के आकलन के बाद उन्हें सरकारी सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने इस प्रकरण के संदर्भ में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की ओर से संयुक्त राष्ट्र में दिए गए बयान का भी उल्लेख किया।
त्यागी ने दावा किया कि उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग को लेकर सामाजिक और धार्मिक संगठनों के साथ नागरिकों ने केंद्रीय गृहमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित और धर्महित से जुड़े मुद्दों को वह आगे भी निडरता से उठाते रहेंगे।
उन्होंने बताया कि कथित दबाव बनाने और सुरक्षा हटवाने की कोशिश के संबंध में वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखेंगे। त्यागी ने चेतावनी दी कि भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी कथित रूप से गलत फीडबैक देने वालों की होगी।
हालांकि, विकास त्यागी के आरोपों पर संबंधित व्यक्ति या अधिकारियों का पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका।








