शहरी चौपाल ब्यूरो
खेकड़ा। कस्बे की रहने वाली एक महिला ने अपने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता मानसी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने 30 मई 2025 को जिला मुजफ्फरनगर के गांव बहादुरपुर निवासी अजय के साथ प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया।
महिला का आरोप है कि ससुराल वालों ने उससे दहेज में दो लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया।
मामले में जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर सोमवार रात को पति अजय, ससुर प्रमोद, सास सुनीता समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








