शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। होली के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष शीतल टंडन ने मंडलायुक्त रूपेश कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल, नगर विधायक राजीव गुंबर और महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह के साथ मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पारंपरिक फूलों के बुके की जगह गोभी के फूल का बुके भेंट कर अधिकारियों का अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान शीतल टंडन ने मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और विधायक का सब्जियों से बनी विशेष माला पहनाकर स्वागत भी किया। इस अनोखे स्वागत को अधिकारियों ने खुशी-खुशी स्वीकार किया और सभी ने आपस में रंग-गुलाल लगाकर होली का पर्व मनाया।

इस अवसर पर सहारनपुर के व्यापारी प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित शीतल टंडन ने अधिकारियों के साथ होली खेलते हुए कहा कि “होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का पर्व है। व्यापारी वर्ग हमेशा समाज और प्रशासन के साथ मिलकर शहर के विकास में अपनी भूमिका निभाता रहा है। ऐसे अवसर आपसी संवाद और सौहार्द को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं। हमें मिलकर सहारनपुर को प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ाना है और समाज में भाईचारे की भावना को और मजबूत करना है।”
कार्यक्रम के दौरान मौजूद सभी लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। यह आयोजन शहर में आपसी सहयोग और सामाजिक एकता की मिसाल बन गया।








