शहरी चौपाल ब्यूरो
मेरठ , । देहरादून के चर्चित मोटो ब्लॉगर और ‘बिग बॉस-सत्रह’ से चर्चा में आए ‘यूके० शून्य सात राइडर’ अनुराग डोभाल ने शनिवार रात दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर अपनी जान देने का प्रयास किया। उन्होंने अपने सामाजिक माध्यम पृष्ठ पर प्रत्यक्ष प्रसारण करते हुए तेज रफ्तार कार डिवाइडर में ठोक दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि हादसे से ठीक पहले अनुराग सामाजिक माध्यम पर प्रत्यक्ष प्रसारण कर रहे थे। वीडियो में वह काफी भावुक और मानसिक रूप से परेशान नजर आए। प्रसारण के दौरान उन्होंने कार की रफ्तार करीब एक सौ पचास किलोमीटर प्रति घंटा तक बढ़ा दी और ‘यह मेरी अंतिम यात्रा है’ कहते हुए गाड़ी डिवाइडर में टकरा दी। इस पूरी घटना को हजारों लोग प्रत्यक्ष प्रसारण में देख रहे थे, जिसके बाद सामाजिक माध्यमों पर हड़कंप मच गया।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहगीर मौके पर पहुंचे और अनुराग को लहूलुहान हालत में मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनके परिचित और परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले गए। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पारिवारिक विवाद बताया जा रहा कारण
सूत्रों के अनुसार अनुराग पिछले कई दिनों से पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। उन्होंने हाल ही में एक लंबा वीडियो साझा कर अपनी स्थिति के लिए अपने माता-पिता और भाई को जिम्मेदार ठहराया था।
अंतरजातीय विवाह का विरोध
अनुराग का आरोप है कि उनकी पत्नी रितिका चौहान के साथ हुए अंतरजातीय विवाह को उनके परिवार ने स्वीकार नहीं किया। उनका कहना है कि विवाह से पहले ही परिवार ने उनसे दूरी बना ली थी और उन्हें रिश्तेदारों के सामने माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया।
पत्नी के अलग होने का भी दावा
अनुराग ने वीडियो में यह भी कहा कि उनकी पत्नी, जो गर्भवती हैं, उनसे अलग होकर चली गई हैं। उन्होंने अपने भाई पर संपत्ति से जुड़े विवाद और उन्हें सामाजिक माध्यमों पर उजागर करने की धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना स्थल के सीसीटीवी दृश्य, प्रत्यक्ष प्रसारण वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।









