बैठे-बैठे पैर हिलाना बुरी आदत नहीं, शरीर के लिए हो सकता है फायदेमंद

डॉक्टरों के अनुसार इससे बढ़ता है रक्त संचार और सक्रिय होता है शरीर का मेटाबॉलिज्म

नई दिल्ली। अक्सर लोगों को यह कहते सुना जाता है कि बैठे-बैठे पैर हिलाना खराब आदत है और ऐसा करना अशुभ या गलत माना जाता है। कई बार आसपास बैठे लोग भी टोक देते हैं कि पैर हिलाना बंद करो। लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यह आदत हमेशा बुरी नहीं होती, बल्कि कई मामलों में शरीर के लिए लाभदायक भी साबित हो सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. रोहिणी पाटिल के अनुसार कुर्सी पर बैठे-बैठे पैर हिलाने जैसी छोटी-छोटी गतिविधियां शरीर के लिए माइक्रो एक्सरसाइज का काम कर सकती हैं। इससे शरीर की मांसपेशियां सक्रिय होती हैं और रक्त संचार बेहतर होने में मदद मिलती है।


मेटाबॉलिज्म बढ़ाने में मददगार
डॉक्टरों के अनुसार पैर हिलाने की छोटी-छोटी गतिविधियां शरीर के ट्विच फाइबर को सक्रिय करती हैं, जिससे मेटाबॉलिक रेट बढ़ सकता है। इससे शरीर में ऊर्जा की खपत बढ़ती है और अतिरिक्त कैलोरी भी खर्च हो सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की हल्की गतिविधियां लंबे समय तक बैठे रहने के नुकसान को कुछ हद तक कम कर सकती हैं।
रक्त संचार बेहतर होने में मिलती है मदद
पैर हिलाने से पैरों की मांसपेशियों में हलचल होती रहती है, जिससे रक्त का प्रवाह बेहतर बना रहता है। यह प्रक्रिया मांसपेशियों को सक्रिय रखने के साथ-साथ हृदय तक रक्त को वापस पहुंचाने में भी मदद करती है।
कई मामलों में इससे टखनों की सूजन कम हो सकती है और लंबे समय तक बैठने से होने वाली जकड़न में भी राहत मिल सकती है।
कमर दर्द में भी मिल सकती है राहत
विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने से कमर और पैरों में दर्द की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में बीच-बीच में पैरों को हिलाने या हल्की गतिविधि करने से शरीर में जकड़न कम हो सकती है और कमर दर्द में भी कुछ राहत मिल सकती है।
पैर हिलाने के अन्य कारण भी हो सकते हैं
डॉक्टरों के अनुसार कई बार लोग आदतन या ऊर्जा बनाए रखने के लिए भी पैर हिलाते रहते हैं। इसके अलावा कुछ शारीरिक और मानसिक कारण भी इसके पीछे हो सकते हैं, जैसे—
तनाव और चिंता की स्थिति
शरीर में पानी की कमी
लो ब्लड प्रेशर
अधिक मात्रा में कैफीन या शराब का सेवन
शरीर में विटामिन बी-12, आयरन, मैग्नीशियम या पोटेशियम की कमी
संतुलन बनाए रखना जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि पैर हिलाना सामान्य स्थिति में कोई बड़ी समस्या नहीं है, लेकिन यदि यह आदत बहुत अधिक हो जाए या अनियंत्रित तरीके से होने लगे तो चिकित्सक से सलाह लेना बेहतर रहता है।
डॉक्टरों का सुझाव है कि लंबे समय तक लगातार बैठने से बचें और बीच-बीच में खड़े होकर टहलना या हल्का व्यायाम करना शरीर के लिए अधिक लाभदायक होता है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य