शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा है कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को मांग के अनुसार गैस एजेंसियों द्वारा बुकिंग के 36 से 48 घंटे के भीतर गैस की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक रूप से गैस का अग्रिम भंडारण न करें और पैनिक बुकिंग से बचें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गैस की जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए आपूर्ति विभाग की टीमें गठित कर दी गई हैं, जो लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस की उपलब्धता, मांग और आपूर्ति के साथ-साथ निर्धारित मूल्य की निगरानी कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि ये टीमें लगातार निरीक्षण करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी की शिकायतों पर भी कार्रवाई करेंगी।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि शासन के निर्देशानुसार वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अस्पतालों और विद्यालयों को प्राथमिकता के आधार पर कराई जा रही है और इसका सख्ती से पालन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूरी तरह सतर्क है।









