शहरी चौपाल ब्यूरो
बारामूला (जम्मू-कश्मीर)। उरी सेक्टर में भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान में एक पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया गया। यह मुठभेड़ बारामूला जिले के बुच्छर इलाके में हुई, जहां घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई की।
भारतीय सेना के अनुसार जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर 14 और 15 मार्च की दरमियानी रात को संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान घने जंगल वाले क्षेत्र में सैनिकों को एक संदिग्ध आतंकी की गतिविधि दिखाई दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।
हालांकि आतंकी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने उसे मार गिराया। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक एके राइफल, एक पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है।
सेना के अनुसार इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आसपास कहीं अन्य आतंकी छिपे न हों। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।









