पुलिस भर्ती परीक्षा के विवादित प्रश्न पर पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने जताई नाराज़गी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड की हाल ही में आयोजित परीक्षा में पूछे गए एक विवादित प्रश्न को लेकर पूर्व सांसद राघव लखन पाल शर्मा ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त की है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

सोमवार को भेजे गए अपने पत्र में राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा के एक प्रश्न के विकल्पों में “पंडित” शब्द का प्रयोग किया गया, जो अत्यंत आपत्तिजनक है। इस प्रकार के शब्दों का प्रयोग किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे समाज की भावनाएं आहत होती हैं और किसी वर्ग या समुदाय की गरिमा को ठेस पहुंचती है।

उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज के प्रति इस प्रकार का अमर्यादित व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। प्रतियोगी परीक्षाएं युवाओं के भविष्य से जुड़ी होती हैं, इसलिए प्रश्नपत्र तैयार करते समय पूरी सावधानी और संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए।

पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री से मांग की कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जो भी अधिकारी या जिम्मेदार व्यक्ति इसके लिए उत्तरदायी हों, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुई पुलिस भर्ती परीक्षा में “पंडित” शब्द से जुड़ा एक प्रश्न पूछे जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया था। इस मुद्दे को लेकर प्रदेश के कई स्थानों पर ब्राह्मण समाज में नाराज़गी देखी जा रही है और राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य