शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली , गढ़ी पुख्ता। नगर पंचायत में शासन द्वारा नामित किए गए सभासदों की सूची को लेकर भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है। सोमवार को जारी सूची में तीनों नाम ओबीसी वर्ग से होने पर एससी एवं सामान्य वर्ग के कार्यकर्ताओं ने इसे लेकर कड़ा विरोध जताया है।
कस्बे में सक्रिय भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला कोर कमेटी के इस निर्णय पर सवाल उठाते हुए इसे असंतुलित बताया। इस संबंध में भाजपा मंडल महामंत्री अनिल खटीक के आवास पर कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें नामित सभासदों के चयन को लेकर गहन चर्चा हुई।

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि एससी एवं सामान्य वर्ग की पूरी तरह अनदेखी की गई है, जो उचित नहीं है। युवा नेता अनुकूल गिरी और अनुज कश्यप ने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की उपेक्षा पार्टी के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। वहीं, कार्यकर्ता योगी बाबा कमलनाथ ने आरोप लगाया कि पार्टी एससी समाज को केवल वोट बैंक के रूप में देख रही है।
ऋषिपाल सैनी, महावीर गिरी समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने भी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान कम होता जा रहा है। बैठक में भविष्य में इस मुद्दे पर अहम निर्णय लेने की भी बात कही गई।

नामित सभासदों को लेकर कस्बे में चर्चा का माहौल बना हुआ है और राजनीतिक हलकों में इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। बैठक में अनिल खटीक, अनुकूल गिरी, नीरज जैन, अनुज कश्यप, कर्मवीर सिंह, सागर उपाध्याय, अर्जुन सैनी, दुल्ला कश्यप, राजकुमार खटीक, अनुराग खटीक, अजय सैनी, अनिकेत कश्यप, रवि नागवान, विशाल मित्तल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।








