
शहरी चौपाल ब्यूरो
देवबंद। देवबंद भारतीय जनता पार्टी द्वारा सहारनपुर जिला कार्यकारिणी की घोषणा के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। नई सूची में देवबंद के अभिषेक त्यागी को जिला मंत्री तथा एडवोकेट संदीप शर्मा को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दोनों नेताओं के मनोनयन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जताते हुए मिठाई बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी। लंबे इंतजार के बाद घोषित हुई इस कार्यकारिणी में संगठन ने संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया है।
एडवोकेट संदीप शर्मा पार्टी के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं, जो पिछले करीब एक दशक से संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते आ रहे हैं। वहीं अभिषेक त्यागी भाजपा युवा मोर्चा सहित कई संगठनात्मक पदों पर सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ रखते हैं।

दोनों नेताओं को संघ पृष्ठभूमि का समर्पित कार्यकर्ता माना जाता है, जिससे पार्टी संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मनोनयन के बाद त्यागी एवं ब्राह्मण केसमाज के साथ-साथ पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है।
पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों नेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।








