शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर के कलैक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में डीएलआरसी (जिला स्तरीय बैंकर्स समिति) की तिमाही बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कम सीडी रेशियो वाले बैंकों पर सख्त नाराजगी व्यक्त की और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जिन बैंकों का सीडी रेशियो राष्ट्रीय लक्ष्य 60 प्रतिशत से कम है, वे अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत कर स्थिति में सुधार लाएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऋण फाइलों को बिना संतोषजनक कारण के अस्वीकृत किए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन, एक जनपद एक उत्पाद, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाओं में स्वीकृति प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएमएफएमई, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और पीएम सूर्य घर योजना के लंबित आवेदनों को 31 मार्च 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी बैंक समन्वयकों से कहा कि पात्र लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक कृष्णु दास, डीडी नाबार्ड साद बिन अफरोज, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि जसजीत सिंह कालरा, सांसद प्रतिनिधि संदीप वर्मा सहित जनपद के सभी बैंकों के जिला समन्वयक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








