शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर में आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ को लेकर फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में प्रारम्भ हो गया है। यह प्रशिक्षण जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।
जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड अधिकारियों को डिजिटल उपकरणों, मोबाइल ऐप और जनगणना की नई प्रक्रियाओं से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी, जिसमें डेटा संग्रह के लिए मोबाइल एप्लीकेशन और ऑनलाइन पोर्टल का उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि जनपद के सभी 122 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण मार्च माह में पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद यही ट्रेनर प्रगणकों और सुपरवाइजरी स्टाफ को प्रशिक्षण देंगे, ताकि 22 मई 2026 से शुरू होने वाले प्रथम चरण का कार्य बिना किसी त्रुटि के सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी अंकुर वर्मा, सहायक निदेशक जनगणना आशुतोष कुमार, मास्टर ट्रेनर राम गोपाल, नमन शर्मा, सर्व ज्योति नंदन सेठ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








