शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। पुल जोगियान से राकेश सिनेमा तक आज प्रवर्तन दल ने अभियान चलाकर सड़क पर रखे चार लोहे के गेट जब्त कर लिए और दो दुकानदारों पर साढ़े सात हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
प्रवर्तन दल के अनुसार, पांवधोई से आगे स्मार्ट सिटी द्वारा ढमोला नदी पर नया पुल बनाया गया है, जो आगे देहरादून रोड से लिंक करेगा। पुल पर मार्किंग का कार्य होना है, लेकिन कुछ दुकानदारों ने सड़क किनारे लोहे के गेट रखकर अतिक्रमण किया था।
आज की कार्रवाई में दल ने सड़क पर रखे चार गेट जब्त कर दो दुकानदारों पर जुर्माना लगाया। इस कार्रवाई से लोहे का काम करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया और उन्होंने आनन-फानन में अपने गेट व ग्रिल का सामान गोदामों में रख लिया।
प्रवर्तन दल के प्रभारी ने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी ने भी सड़क पर गेट रखा तो भारी जुर्माना और सामान जब्त किया जाएगा। यह अभियान शहर में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार जारी रहेगा।








