शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार के निर्देशन में पूर्णकालिक सचिव पप्पू कुमार सिंह द्वारा जिला कारागार सहारनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान महिला बैरक, पुरुष बैरक, जेल अस्पताल एवं पाकशाला का गहन जायजा लिया गया। पाकशाला में बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी देखी गई, जहां साबुत मसरी, काली मलका और गोभी-आलू का भोजन बनता पाया गया। वर्तमान में कारागार में लगभग 1500 से अधिक बंदी निरुद्ध हैं।
किशोर गृह के निरीक्षण में पाया गया कि किशोर बंदियों को एनजीओ के अध्यापक द्वारा शिक्षा दी जा रही है। सचिव ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि जिन बंदियों के पास अधिवक्ता नहीं हैं, उनके प्रार्थना पत्र शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजे जाएं, ताकि उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जेल अस्पताल में 15 बंदियों का उपचार जारी पाया गया तथा साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक रही। सचिव ने बताया कि यदि किसी बंदी को सरकार की ओर से निःशुल्क अधिवक्ता की आवश्यकता हो तो वह जेल प्रशासन के माध्यम से आवेदन कर सकता है।
निरीक्षण के क्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर का भी अवलोकन किया गया, जहां सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। इस दौरान बंदियों को सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।








