शहरी चौपाल ब्यूरो
चिलकाना (सहारनपुर)। चिलकाना नगर पंचायत सुल्तानपुर चिलकाना में शासन द्वारा नामित सभासदों की सूची में स्वर्ण समाज को स्थान न मिलने से समाज के लोगों में गहरा असंतोष देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, समाज के लोगों ने इस निर्णय को अपनी उपेक्षा बताते हुए नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि नगर पंचायत चुनावों में स्वर्ण समाज का झुकाव लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी की ओर रहा है, इसके बावजूद नामित सदस्यों की सूची में समाज के किसी भी व्यक्ति को शामिल नहीं किया गया।

समाज के प्रमुख लोगों का कहना है कि यह निर्णय उनके योगदान और समर्थन की अनदेखी को दर्शाता है, जिससे समाज में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस विषय पर संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया तो समाज के लोग आगे की रणनीति तय करने को मजबूर होंगे।
साथ ही समाज के प्रतिनिधियों ने शासन और पार्टी नेतृत्व से मांग की है कि नगर पंचायत में सभी वर्गों को संतुलित प्रतिनिधित्व दिया जाए, जिससे किसी भी समाज में उपेक्षा की भावना न पनपे।
वहीं स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और लोग इसे राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़ा अहम विषय मान रहे हैं।








