शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर), 18 मार्च। नकुड़ ईद के पावन अवसर पर खान परिवार ने एक बार फिर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए जरूरतमंदों को वस्त्र वितरित किए। यह कार्यक्रम स्वर्गीय पूर्व राज्यमंत्री शगुफ्ता खान की स्मृति में आयोजित किया गया।
खान परिवार द्वारा हर वर्ष ईद के मौके पर वस्त्र दान करने की परंपरा रही है, जिसे इस वर्ष भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाया गया। बुधवार सुबह से ही नकुड़ स्थित खान परिवार के आवास पर जरूरतमंद महिला-पुरुषों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
कार्यक्रम के दौरान नगर के पूर्व चेयरमैन खालिद खान और उनके सुपुत्र युवा नेता साहिल खान ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सैकड़ों लोगों को वस्त्र वितरित किए। वस्त्र प्राप्त करने वालों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी और वे खान परिवार को दुआएं देते नजर आए।
बताया गया कि इस सेवा कार्य की शुरुआत शगुफ्ता खान ने की थी, जिसे उनके निधन के बाद भी परिवार निरंतर जारी रखे हुए है। कुछ माह पूर्व उनके निधन के बावजूद परिवार ने उनकी इस परंपरा को जीवित रखते हुए समाज सेवा का कार्य जारी रखा है।
स्थानीय लोगों ने खान परिवार के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।









