शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य कुश्ती संघ के तत्वाधान में वाराणसी में 31 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित होने वाली अंडर-20 राज्य कुश्ती प्रतियोगिता के लिए सहारनपुर जिले की 14 सदस्यीय टीम का चयन कर लिया गया है। चयन प्रक्रिया डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित कुश्ती हाल में जिला कुश्ती संघ के निर्देशन में आयोजित ट्रायल के माध्यम से पूरी की गई।
जिला कुश्ती संघ के सचिव प्रो. (डॉ.) संदीप गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि चयन ट्रायल से पहले अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी एवं खिलाड़ी प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
फ्री स्टाइल बालक वर्ग में अभिषेक कुमार (57 किग्रा), साहिल (61 किग्रा), रितिक जयनागल (65 किग्रा), अभिषेक (70 किग्रा), मोहम्मद आयान (74 किग्रा), विराज कुमार (79 किग्रा), गुरप्रीत (86 किग्रा), विराट चौधरी (92 किग्रा), यशविंदर सिंह (97 किग्रा) और मोहम्मद नोमान (125 किग्रा) का चयन किया गया है।
वहीं ग्रीको-रोमन स्टाइल में राहुल कुमार (55 किग्रा), आदित्य कुमार (72 किग्रा), वरदान कुमार (87 किग्रा) और मोहम्मद नोमान (130 किग्रा) को टीम में जगह मिली है।
जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि ये पहलवान राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सहारनपुर का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री संजय गर्ग, वरिष्ठ पत्रकार मशकूर अहमद सहित कई गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








