शहरी चौपाल ब्यूरो
कैराना/शामली। क्षेत्र के सिल्वर डेल पब्लिक स्कूल में आर्ट एंड साइंस एग्ज़ीबिशन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
एग्ज़ीबिशन के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल और आकर्षक कलात्मक कृतियां प्रस्तुत कीं। विज्ञान से जुड़े नवाचारों के साथ-साथ रंग-बिरंगे आर्ट वर्क ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक और गणमान्य अतिथि पहुंचे, जिन्होंने बच्चों की रचनात्मकता और मेहनत की जमकर सराहना की।
इस अवसर पर दीनियात (धार्मिक ज्ञान) से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कारी अहसान साहब उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और उनके सटीक उत्तर सुनकर उनकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के बौद्धिक विकास और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्कूल प्रबंधन एवं स्टाफ का कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।








