लखनऊ। उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति अब समाप्त हो गई है। पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने स्पष्ट किया है कि ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के चुनाव हर हाल में जुलाई 2026 से पहले करा लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा और चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
मंत्री ने बताया कि ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य और अध्यक्षों के कार्यकाल अलग-अलग समय पर समाप्त हो रहे हैं, लेकिन किसी का भी कार्यकाल जुलाई से आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए चुनाव कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।

ओबीसी आरक्षण पर जल्द फैसला
ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि अगली कैबिनेट बैठक में पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन को मंजूरी मिल जाएगी। आरक्षण 2011 की जनगणना के आधार पर ही तय किया जाएगा और पूर्व में लागू आरक्षण चक्र को ही जारी रखा जाएगा। आयोग की रिपोर्ट मिलने के बाद सीटों का आरक्षण तय कर चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
त्योहारों पर कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहारों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी त्योहार परंपरा और सद्भाव के दायरे में मनाए जाएं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नवरात्र, अलविदा जुम्मा और ईद-उल-फितर के दौरान शांति, सुरक्षा और अनुशासन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन, पेयजल, प्रकाश और स्वास्थ्य सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए।
अपराध और जमाखोरी पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने बदायूं, मुरादाबाद, रामपुर, गाजियाबाद, जालौन, गोरखपुर, आगरा, जौनपुर, प्रतापगढ़ और प्रयागराज में हाल की आपराधिक घटनाओं का संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही चेन स्नेचिंग रोकने के लिए पीआरवी-112 की गश्त बढ़ाने और एलपीजी आपूर्ति में कालाबाजारी व जमाखोरी पर सख्ती बरतने को कहा।
अमेठी में चुनाव की तैयारियां तेज
अमेठी जिले में पंचायत चुनाव की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। यहां 682 ग्राम पंचायतों में कुल 16,07,921 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। विभिन्न पदों के लिए लाखों मतपत्र जिले में पहुंच चुके हैं, जिन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा गया है।
जिले में 682 ग्राम प्रधान, लगभग 8,630 ग्राम पंचायत सदस्य, 877 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 36 जिला पंचायत सदस्य पदों पर चुनाव होंगे। मतपत्रों की सुरक्षा के लिए डबल लॉक सिस्टम लागू किया गया है और पुलिस-पीएसी की तैनाती की गई है।
प्रशासन का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।








