शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला न्यायालय परिसर में जेल लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसमें विचाराधीन कैदियों के मामलों का त्वरित निस्तारण कर उन्हें राहत प्रदान की गई।
यह आयोजन सतेन्द्र कुमार (जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) के निर्देशन में संपन्न हुआ। लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से लंबित आपराधिक मामलों का निपटारा कर विचाराधीन बंदियों को शीघ्र न्याय दिलाना था।
इस अवसर पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय आशुतोष तिवारी सहित न्यायिक अधिकारियों को जिला कारागार सहारनपुर में विशेष जेल लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए नामित किया गया।
विशेष जेल लोक अदालत के दौरान विचाराधीन बंदियों के मामलों का जुर्म इकबाल (स्वीकारोक्ति) के आधार पर निस्तारण करते हुए कुल 135 मामलों को निपटाया गया। इसके साथ ही 135 बंदियों को एक साथ रिहा किया गया, जिससे उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजन न्याय प्रणाली को प्रभावी बनाने के साथ-साथ बंदियों को त्वरित राहत देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।








