शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। चैत्र नवरात्र के शुभारंभ पर शहर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। राधा विहार स्थित महाशक्तिपीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर में प्रतिपदा के अवसर पर विधि-विधान से घट स्थापना और मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई।
श्री श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में आयोजित नवरात्र महोत्सव के दौरान स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि नवदुर्गा घट स्थापना करने से जीव का कल्याण होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने बताया कि मंगल कलश की स्थापना संपूर्ण प्रकृति के सृजन का प्रतीक है, जिससे जीवन में नई चेतना और ऊर्जा का संचार होता है। नवरात्र के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा कर मंगल कलश को माथे से लगाकर देवी के समक्ष स्थापित किया तथा विश्व कल्याण की कामना की।
पूजा के उपरांत मां भगवती को भोग अर्पित कर महाआरती उतारी गई। स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि नवरात्र में दुर्गा सप्तशती का पाठ करने से विशेष फल प्राप्त होता है और सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
इस अवसर पर रामेश्वरम शर्मा, पवन धीमान, राजेंद्र सिंह, अश्विनी काम्बोज, रमेश शर्मा, अनिल नारंग, नरेश, संदेश, बबीता, राजबाला, गीता, कुसुम अत्री, रेखा, पूनम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही और वातावरण देवी मां के जयकारों से गूंजता रहा।









