शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। चैत्र नवरात्र के पावन पर्व की शुरुआत गुरुवार को श्रद्धा और आस्था के साथ हुई। पहले दिन भक्तों ने विधिविधान से मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। ब्रह्ममुहूर्त में ही शहर के सभी मंदिरों के कपाट खोल दिए गए, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
भक्तों ने अपने-अपने घरों में कलश स्थापना कर मां दुर्गा का आह्वान किया। मंदिरों में पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के साथ भक्ति का माहौल बना रहा। वहीं, नवरात्र को लेकर बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बुधवार शाम से ही पूजा सामग्री खरीदने के लिए दुकानों पर भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी, जो गुरुवार सुबह तक जारी रही।
श्रद्धालु माता की चुनरी, नारियल, फूलों की माला और अन्य पूजन सामग्री खरीदते नजर आए। दुकानदारों के अनुसार इस बार नवरात्र को लेकर लोगों में विशेष उत्साह है, जिससे बाजारों में रौनक बढ़ गई है।
शिव-हनुमान मंदिर के पुजारी ने बताया कि नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार को मां के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ मां की आराधना करने की अपील की।
नवरात्र के प्रथम दिन से ही पूरे शहर में धार्मिक वातावरण बना हुआ है, जो आगामी नौ दिनों तक इसी तरह भक्तिमय बना रहेगा।









